हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज जिले के सिंदुरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चिउटहां गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब नहर किनारे मिट्टी का ऊँचा ढेर देखकर ग्रामीणों को किसी के दफन होने की आशंका हुई। महिलाओं ने इसे संभावित लाश बताकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जेसीबी (बुलडोजर) से खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान जो सामने आया, उसने सबको चौंका दिया और मिट्टी में दफन एक बाइक बरामद हुई।
जांच में स्पष्ट हुआ कि यह बाइक चार दिन पहले सिंदुरिया बाजार से चोरी हुई थी, जिसकी तलाश पुलिस पहले से कर रही थी। बाइक के नहर में दफन होने से यह संकेत मिला कि चोरों ने सबूत छिपाने के इरादे से इसे यहां दबाया था।
बाइक की बरामदगी के बाद पुलिस की जांच को नई दिशा मिली है। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी में जुट गई है। उधर, जिस बड़ी घटना की आशंका से इलाके में दहशत थी, वह अफवाह निकली, लेकिन चोरी के मामले में खुलासा होने से लोगों में चर्चाओं का दौर जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है।


