सिसवा नगर क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने की फायरिंग, पीठ छूकर निकली गोली

हर्षोदय टाइम्स/ अर्जुन चौधरी
महराजगंज : सिसवा नगरपालिका के मीराबाई नगर वार्ड स्थित बाईपास रोड पर बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक स्वर्ण व्यवसायी पर अज्ञात बदमाशों ने तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली पीठ को छूते हुए निकल गई, जिससे व्यवसायी बाल-बाल बच गए।
रेस्टोरेंट में घुसकर बचाई जान
घटना रात करीब सवा आठ बजे की है। चित्रगुप्त नगर वार्ड निवासी 42 वर्षीय गोविंद सोनी भोजन के बाद टहल रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर फायर झोंक दिया। गोली चलने के बाद घबराए व्यवसायी ने पास के एक रेस्टोरेंट में घुसकर अपनी जान बचाई।
दूसरा फायर, बुलेट मौके से बरामद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने दूसरा फायर भी किया, जिसकी बुलेट घटनास्थल से कुछ दूरी पर मिली। फायरिंग की आवाज से आसपास के लोग सहम गए और क्षेत्र में दहशत फैल गई।
पुलिस मौके पर, घायल सीएचसी में भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा ने कोठीभार पुलिस को जानकारी दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल गोविंद सोनी को इलाज के लिए सिसवा सीएचसी में भर्ती कराया।
हर एंगल से जांच, जल्द गिरफ्तारी का दावा
थानाध्यक्ष कोठीभार धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हमले के पीछे के कारणों और आरोपियों की पहचान पर पुलिस काम कर रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


