धानी बाजार से महाराजगंज मुख्यालय तक रोडवेज बस संचालन की मांग तेज

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स/ सुनील मणि त्रिपाठी

फरेंदा / धानी बाजार। महराजगंज जनपद के फरेंदा तहसील मुख्यालय के अंतर्गत आने वाला धानी बाजार एक बार फिर  में चर्चा का विषय बना हुआ है। धानी बाजार, जो धानी ब्लॉक के नाम से भी जाना जाता है, जनपद महाराजगंज का सबसे छोटा ब्लॉक है और आज भी कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। जनपद बने लगभग 35 वर्ष बीत जाने के बावजूद क्षेत्र के लोगों को आवागमन जैसी बुनियादी सुविधा के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।


धानी बाजार सिद्धार्थनगर व गोरखपुर जनपद की सीमा से सटा हुआ है, लेकिन इसके बावजूद आज तक धानी बाजार से महाराजगंज मुख्यालय तक सीधी रोडवेज बस सेवा उपलब्ध नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों के अनुसार पूर्व में एक रोडवेज बस धानी बाजार में हाल्ट करती थी, लेकिन चालक और परिचालक की लापरवाही के चलते उसका संचालन बंद कर दिया गया। इसके बाद से आज तक यह सुविधा बहाल नहीं हो पाई।


वर्तमान में धानी बाजार से मुख्यालय जाने के लिए यात्रियों को निजी साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे छात्रों, छात्राओं, व्यापारियों और कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि सुबह करीब 8 बजे धानी बाजार से एक रोडवेज बस संचालित कर दी जाए, तो बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिल सकती है।


सूत्रों के अनुसार महाराजगंज रोडवेज डिपो में पर्याप्त संख्या में अनुबंधित बसें उपलब्ध हैं, इसके बावजूद इस मार्ग पर बस सेवा शुरू नहीं की जा रही है। इसी को लेकर स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ समाजवादी पार्टी के नेता रमेश सैनी, युवा नेता अविनाश प्रताप सिंह, दीनानाथ तिवारी, विनोद तिवारी, शैलेश तिवारी सहित अन्य लोगों ने जनप्रतिनिधियों और रोडवेज प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है।


स्थानीय नेताओं और नागरिकों ने वर्तमान सांसद, प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री तथा रोडवेज के सक्षम अधिकारियों से मांग की है कि धानी बाजार से फरेंदा तहसील मुख्यालय होते हुए महाराजगंज मुख्यालय तक नियमित रोडवेज बस सेवा शीघ्र शुरू की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके और धानी बाजार के विकास को गति मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *