हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज- जनपद अंतर्गत नगरपालिका सिसवा स्थित श्रीरामजानकी मंदिर परिसर में शनिवार को सकल हिन्दू समाज आयोजन समिति के तत्वावधान में विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिन्दू समाज को संगठित करना, मातृ शक्ति के सम्मान को सुदृढ़ करना तथा सनातन धर्म आधारित जीवन मूल्यों को अपनाने का आह्वान करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा माँ भारती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। अंतरराष्ट्रीय भजन गायक अमित अंजन के भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि क्षेत्र धर्म जागरण प्रमुख (उत्तर-पूर्वी प्रदेश) अभय जी ने कहा कि राष्ट्र की प्रगति जातिवाद से नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता से संभव है। उन्होंने राजनीति में जाति आधारित सोच को देश के विकास में सबसे बड़ी बाधा बताया।
अभय जी ने कहा कि जाति का प्रयोग यदि हो, तो वह राष्ट्र निर्माण और समाज कल्याण से जुड़ा होना चाहिए। उन्होंने छुआछूत जैसी सामाजिक बुराइयों की कड़ी निंदा करते हुए स्पष्ट किया कि छुआछूत केवल गंदगी और कुरीतियों से होनी चाहिए, किसी व्यक्ति या समाज से नहीं।
उन्होंने आगे कहा कि हिन्दू समाज अपनी समस्याओं का समाधान स्वयं करने में सक्षम है। विदेशी संस्कृति के प्रभाव को कई सामाजिक समस्याओं की जड़ बताते हुए उन्होंने कहा कि समाज में टकराव का असली कारण जाति नहीं, बल्कि अहंकार है। आत्मबोध और सही दिशा के लिए उन्होंने महाभारत, रामायण, वेद और उपनिषद जैसे ग्रंथों के अध्ययन पर बल दिया।
प्रेमलाल सिंहनियाँ कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य शशिकला सिंह ने नारी सशक्तिकरण पर अपने विचार रखते हुए हिन्दू समाज से एकजुट होने का आह्वान किया। सम्मेलन की अध्यक्षता नरेंद्र भालोटिया ने की, जबकि संत बालकदास विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन उमेश ‘उमंग’ ने किया।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल, राघवेंद्र प्रताप उर्फ अंकित सिंह, भाजपा नेता धीरज तिवारी, प्रधानाचार्य निरंकार सिंह, मनीष पांडेय, अधिवक्ता मनोज केसरी, अश्वनी रौनियार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सम्मेलन में हजारों की संख्या में हिन्दू समाज के लोगों की सहभागिता रही।


