हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी और चौंकाने वाली कार्रवाई की है। टीम ने 2019 बैच के दारोगा मोहम्मद अशरफ खान को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई फरेंदा थाना परिसर में की गई, जिससे पूरे पुलिस महकमे में खलबली मच गई है।

गिरफ्तार दारोगा मोहम्मद अशरफ खान मूल रूप से गाजीपुर जनपद का निवासी बताया जा रहा है और वर्तमान में महराजगंज में तैनात था। उसके खिलाफ एंटी करप्शन विभाग को शिकायत मिली थी कि वह एक मामले में राहत दिलाने और कार्रवाई से बचाने के नाम पर लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने पहले गोपनीय जांच कराई। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद टीम ने पूरी रणनीति के साथ जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही दारोगा ने 50 हजार रुपये की घूस ली, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई।
एंटी करप्शन टीम के प्रभारी शिवमनोहर यादव ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। साथ ही मामले से जुड़े सभी दस्तावेजी और तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई के बाद दारोगा की भूमिका से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जाएगी। टीम यह भी खंगाल रही है कि कहीं इस घूसखोरी के खेल में कोई और अधिकारी या कर्मचारी तो शामिल नहीं है।
एंटी करप्शन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले में आगे की कार्रवाई और विस्तृत जानकारी आधिकारिक तौर पर जारी की जाएगी।

