हर्षोदय टाइम्स/ आत्मा सिंह
महराजगंज,घुघली नगर में बेखौफ चोरों ने एक ही रात में दो बाइकों की चोरी कर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि एक बुलेट बाइक पुलिस चौकी के ठीक सामने से चोरी हुई, जबकि दूसरी पल्सर बाइक नौरंगिया रोड से गायब हो गई।
पहली घटना नगर पंचायत घुघुली के वार्ड नंबर 06 निवासी आकाशदीप गाडिया के साथ हुई। उनकी डार्क ग्रे रंग की बुलेट बाइक (UP 56 AY 1809) पुलिस चौकी के पास खड़ी थी, जिसे 9 और 10 जनवरी की मध्य रात्रि अज्ञात चोर चुरा ले गए। चोरी की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि चोर पहले बाइक का हैंडल लॉक तोड़ता है, फिर चबूतरे से उतारकर सड़क पर लाता है। इसके बाद एक अन्य व्यक्ति की मदद से बाइक को खींचते हुए दूर ले जाया जाता है।
दूसरी चोरी नौरंगिया रोड पर राजेश गुप्ता के मकान के सामने हुई, जहां से उनकी पल्सर बाइक (UP 57 BK 1403) चोरी कर ली गई। सुबह जब दोनों वाहन मालिकों ने अपनी बाइकें नहीं देखीं तो आसपास तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
दोनों पीड़ितों ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और वाहनों की शीघ्र बरामदगी की मांग की है।
घुघुली नगर चौकी इंचार्ज अशोक गिरी ने बताया कि शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से चोरों की पहचान की जा रही है।
लगातार हुई चोरी की घटनाओं से नगर में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और नगर में सख्त निगरानी व्यवस्था लागू करने की मांग की है।

