हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज जनपद के घुघली थाना इन दिनों अंदरूनी कलह और असहज माहौल को लेकर चर्चा में है। थानाध्यक्ष गौरव कुंवर सिंह पर अधीनस्थ पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों से कथित रूप से मर्यादा के विपरीत भाषा का प्रयोग करने के आरोप सामने आए हैं। इन आरोपों के बाद पुलिस महकमे के भीतर बेचैनी देखी जा रही है, जबकि स्थानीय स्तर पर भी नाराजगी उभरने लगी है।
सूत्रों के मुताबिक, बीते दिनों देर रात ड्यूटी को लेकर थाने के मुंशी और थानाध्यक्ष के बीच कहासुनी हुई थी। उस समय स्टाफ की कमी के कारण मुंशी को अकेले ड्यूटी पर जाना पड़ा था। लौटने के बाद आराम करने को लेकर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे विवाद में तब्दील हो गई, जिसके बाद से दोनों के संबंध तनावपूर्ण बताए जा रहे हैं।
इसी क्रम में हाल ही में लोक अदालत से जुड़ी एक नोटिस की तामिला के दौरान थानाध्यक्ष की कथित अभद्र भाषा को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया। बातचीत का ऑडियो सामने आने के बाद पुलिसकर्मियों में मानसिक दबाव और कार्यस्थल के माहौल पर असर पड़ने की बात कही जा रही है। उधर, स्थानीय नागरिकों ने भी मामले को गंभीर बताते हुए उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग उठाई है।

