फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन हड़पने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में कथित जमीन धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है। न्यायालय के निर्देश पर चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि अपने नाम कराने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।


जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के बसवार गांव निवासी श्यामनरायण तिवारी ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि सच्चिदानंद, रणजीत, राजीव तथा सुधा देवी ने आपस में मिलकर उनके बाबा के नाम से फर्जी हस्ताक्षर एवं अंगूठे के निशान तैयार कर कूटरचित दस्तावेज बनवाए। आरोप है कि इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर उनकी पैतृक जमीन का नामांतरण अपने पक्ष में करा लिया गया।


पीड़ित का कहना है कि मामले की शिकायत किए जाने के बावजूद कार्रवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए धारा 173 बीएनएसएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया।


कोर्ट के आदेश के अनुपालन में थाना श्यामदेउरवा पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है तथा प्रकरण की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



गांव में इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि दस्तावेजों की सत्यता और जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया में हुई कथित अनियमितताओं का सच सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *