हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। जनपद में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत श्यामदेउरवां पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ज्वैलरी दुकान में हुई चोरी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में गठित टीम लगातार वांछित अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में परतावल चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह और उनकी टीम ने सटीक सूचना के आधार पर शाहजहाँपुर जनपद के निगोही थाना क्षेत्र अंतर्गत ईशापुर गांव निवासी सूरज सिंह पुत्र कुंवर सिंह को उसके घर से दबोच लिया।
गौरतलब है कि यह गिरफ्तारी 4 दिसंबर 2024 को नगर पंचायत परतावल स्थित हाजी ज्वैलर्स में हुई चोरी से जुड़े मामले में हुई है। दुकान मालिक हाजी मुर्तुजा हुसैन ने अज्ञात चोरों द्वारा ताला तोड़कर कीमती सामान चोरी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर श्यामदेउरवां थाने में मुकदमा संख्या 361/2024 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीकृत किया गया था। विवेचना के दौरान सूरज सिंह की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद से वह गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था।
पुलिस ने आरोपी को 24 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सूरज सिंह का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ श्यामदेउरवां थाने में चोरी का मामला दर्ज है, वहीं शाहजहाँपुर के पुवायाँ थाने में उस पर आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा चल चुका है।
इस कार्रवाई में परतावल चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह के साथ कॉन्स्टेबल प्रमोद यादव, राजू कुमार यादव और मनीष सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने इसे चोरी की घटनाओं के खुलासे की दिशा में अहम उपलब्धि बताते हुए आगे भी अभियान जारी रखने की बात कही है।

