एम-पैक्स सदस्यता में महराजगंज अव्वल, प्रदेश स्तर पर मिला विशेष सम्मान

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


1.22 लाख नए सदस्य जोड़कर प्रथम स्थान, मुख्यमंत्री ने डीएम को किया सम्मानित


महराजगंज जनपद ने एम-पैक्स सदस्यता महाभियान–2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है। सहकारिता विभाग के युवा सहकार सम्मेलन–2025 में जनपद को प्रदेश स्तर पर विशेष सम्मान से नवाजा गया। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।


अभियान के तहत महराजगंज ने प्रदेश में सर्वाधिक 1.22 लाख नए सदस्यों को एम-पैक्स से जोड़कर पहला स्थान हासिल किया। इसके साथ ही 28 हजार किसानों को ऑनलाइन सदस्य बनाकर जनपद ने डिजिटल सहकारिता की दिशा में भी बड़ी उपलब्धि दर्ज की। निर्धारित लक्ष्य से चार गुना अधिक सदस्यता ने महराजगंज को सहकारिता आंदोलन में अग्रणी जिला बना दिया है। इस सफलता के पीछे जिला प्रशासन और सहकारिता विभाग की सुनियोजित कार्ययोजना रही। किसानों को ‘कृषक पंजिका’ से जोड़ते हुए उर्वरक वितरण को पूरी तरह इससे लिंक किया गया, जिससे व्यवस्था अधिक पारदर्शी और सरल बनी। इसका सीधा असर यह हुआ कि किसानों में समितियों से जुड़ने की रुचि तेजी से बढ़ी।


जनपद की 96 सक्रिय सहकारी समितियों के माध्यम से गांव-गांव जागरूकता शिविर, विशेष कैंप और ऑनलाइन सदस्यता अभियान चलाए गए। डिजिटल प्लेटफॉर्म के व्यापक उपयोग से खासतौर पर युवा किसानों की भागीदारी बढ़ी। प्रति पैक्स औसतन 1300 से अधिक नए सदस्य जोड़कर जनपद ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया।


एआर कोऑपरेटिव सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि एम-पैक्स सदस्यता का मुख्य उद्देश्य किसानों को संस्थागत ऋण, खाद-बीज, कृषि यंत्र, विपणन सुविधाएं और सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाना है। वहीं जिलाधिकारी ने कहा कि मजबूत पैक्स के माध्यम से किसान आत्मनिर्भर बनेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। महराजगंज का यह सफल मॉडल अब प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *