हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
परतावल/ महाराजगंज। श्यामदेउरवा मेन चौराहे पर गुरुवार सुबह एक बुलडोजर की अचानक हुई लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन गई। सड़क किनारे से गुजर रहे बाइक सवार दंपति को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद डायल 112 की टीम पहुंची और घायल महिला को सीएचसी परतावल भेजा, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महराजगंज की दिशा से आ रहा बुलडोजर अचानक अनियंत्रित हो गया और वाहन सीधे दंपति की ओर बढ़ गया। टक्कर में रामपुर चकिया निवासी 45 वर्षीय सुनीता देवी गंभीर रूप से चोटिल हुईं।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल बुलडोजर को थाने में खड़ा करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलते ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

