घरेलू विवाद ने ली गंभीर शक्ल, पति पर घर में आग लगाने का आरोप

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


पीड़िता ने पुलिस की निष्क्रियता पर भी उठाए सवाल, CO सदर ने जांच के निर्देश दिए

महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के बरियारपुर टोला बेलहिया में पारिवारिक विवाद एक बड़ी घटना में बदल गया, जहां एक महिला ने अपने पति पर नशे की हालत में घर में आग लगाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस की ओर से अब तक कार्रवाई नहीं हुई है।

पीड़िता निर्मला के अनुसार, हाल ही में हुए ऑपरेशन के बाद वह अपने मायके  भिटौली बाजार के कामता रोड पर उपचार करा रही थीं। इसी दौरान 4 दिसंबर को उनके पति कथित तौर पर शराब के नशे में घर पहुंचे और गुस्से में आकर घर में आग लगा दी। देखते ही देखते घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया।

निर्मला का आरोप है कि उनका पति आए दिन गाली-गलौज करता है और जान से मारने की धमकी देता है। उन्होंने 6 दिसंबर को भिटौली थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी, मगर मामला अब तक लंबित है, जिससे वह दहशत और असुरक्षा में जी रही हैं।

पुलिस की ओर से देरी के आरोपों पर CO सदर जयप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच तेज करने के लिए SO भिटौली को निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरा प्रकरण निष्पक्ष रूप से देखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *