विनोद तिवारी हत्याकांड में पुलिस की बड़ी सफलता , दो वांछित आरोपी गिरफ्तार, खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स/विवेक कुमार पाण्डेय

महाराजगंज । भिटौली थाना क्षेत्र के चर्चित विनोद तिवारी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मंगलवार को पिपरा खादर क्षेत्र में दबिश देकर हत्या के दो नामजद वांछित अभियुक्तों—पिता–पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है।

भिटौली थाना क्षेत्र के भैसा गांव में पुरानी रंजिश के चलते बीते रविवार को 55 वर्षीय विनोद तिवारी की कुल्हाड़ी से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया था और मुख्य आरोपी वतन वर्मा तथा उसका पिता बैजनाथ वर्मा फरार चल रहे थे।

पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पिपरा खादर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान वतन वर्मा (24) पुत्र बैजनाथ वर्मा तथा बैजनाथ वर्मा (60) पुत्र स्व. विन्देश्वरी वर्मा के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की गई।

हत्या के बाद से भैसा गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

गिरफ्तारी अभियान में थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा, उपनिरीक्षक जितेन्द्र यादव, हे.का. सोनू यादव, संजीव श्रीवास्तव, रवि प्रताप सिंह, विद्यासागर, कांस्टेबल अजीत यादव व राहुल तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *