हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
पनियरा/महाराजगंज। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में पूर्व माध्यमिक विद्यालय, जड़ार के तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों में कुमारी आंचल, पियूष प्रजापति एवं अंजनी गौतम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम 25 चयनित छात्रों में चौथा एवं छठा स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
यह उपलब्धि न केवल विद्यालय के लिए गौरव का विषय है, बल्कि पूरे पनियरा क्षेत्र के लिए भी सम्मान की बात है। विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, नवाचार क्षमता, रचनात्मक सोच तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण के दम पर यह सफलता अर्जित की। बच्चों के प्रोजेक्ट्स ने निर्णायक मंडल को प्रभावित किया और विज्ञान के प्रति उनकी जिज्ञासा व समझ ने प्रतियोगिता में विशेष स्थान दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान प्रथम 25 स्थान पाने वाले सभी प्रतिभागियों को खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा विज्ञान कीट, प्रमाण–पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार व क्षेत्रवासियों के सम्मान के इस पल ने बच्चों के उत्साह को और बढ़ा दिया।
प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार पटेल, विज्ञान शिक्षक राहुल कुमार पटेल, समस्त शिक्षकगण एवं ग्रामवासियों ने छात्र–छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।



