हर्षोदय टाइम्स/विवेक कुमार पाण्डेय
भिटौली/ महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के सोहरौना राजा सिवान स्थित नहर किनारे झाड़ियों में सोमवार की शाम एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लगभग शाम 05:00 बजे ग्रामीणों ने नहर के किनारे झाड़ियों में शव देखा और इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची भिटौली पुलिस ने शव को झाड़ियों से बाहर निकलवाया और शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि मृत व्यक्ति के शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे किसी अनहोनी की आशंका जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, गोरखपुर पुलिस बीते रविवार से एक व्यक्ति की तलाश में भिटौली क्षेत्र के आस-पास लगातार तलाश कर रही थी। अनुमान लगाया जा रहा है कि मिला हुआ शव उसी व्यक्ति का हो सकता है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शव बरामद होने के समय गोरखपुर पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

घटना स्थल पर डॉग स्क्वायड टीम भी पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई। क्षेत्राधिकारी जयप्रकाश त्रिपाठी ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है, शरीर पर चोट के निशान भी हैं। “शव की पहचान कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।”

