हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। रविवार दोपहर परतावल-कप्तानगंज NH 730 पर फिर तेज रफ्तार कार हादसे का शिकार बना। परतावल के आज़ाद नगर वार्ड नंबर-6 में कप्तानगंज की ओर से आ रही एक कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे खड़ी बाइक व साइकिल पर जबरदस्त तरीके से चढ़ गई। टक्कर ऐसी थी कि दोनों वाहन मौके पर ही कबाड़ में बदल गए।
अनियंत्रित कार इसके बाद लोहे के साइनबोर्ड को भी उखाड़ते हुए आगे स्थित दूसरे बोर्ड से जा भिड़ी। इसी बीच पास से गुजर रहीं परतावल बाजार निवासी शेषमति इसकी चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें सीएचसी परतावल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा।
हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने कार को सीज़ कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। उधर, लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय जनता नाराज़ है। लोगों का कहना है कि NH-730 पर ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है, जिसकी वजह से दुर्घटनाएँ थम नहीं रही हैं। प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग उठने लगी है।



