गंभीर हालत में नवजात एसएनसीयू में भर्ती, पुलिस जांच तेज , किशोरी ने बताया रिश्तेदारी के पड़ोस के युवक से थे संबंध
महराजगंज। जिला अस्पताल की इमरजेंसी गुरुवार भोर में उस समय दहल उठी जब पेटदर्द की शिकायत लेकर पहुंची एक बिन ब्याही किशोरी ने अचानक बाथरूम में नवजात बच्चे को जन्म दे दिया। घटना का खुलासा तब हुआ जब प्रसव के तुरंत बाद किशोरी की मां ने नवजात को कपड़े में लपेटकर इमरजेंसी के सामने नाली में फेंक दिया। पास में मौजूद लोगों ने यह दृश्य देखते ही तुरंत बच्चे को बाहर निकाला और उसकी जान बचाई।
सूचना पर कलेक्ट्रेट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को गंभीर हालत में एसएनसीयू पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा है। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे की स्थिति अभी नाजुक है।
जांच में सामने आया कि सिंदुरिया थाना क्षेत्र की किशोरी का कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रिश्तेदारी के पड़ोस में रहने वाले युवक से संबंध था। किशोरी ने पुलिस को बताया कि दोनों मिलते-जुलते थे, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई। हालांकि किशोरी युवक पर कोई कार्रवाई नहीं चाहती, इसलिए पहले कभी मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी।
जिला अस्पताल के सीएमएस डा. ए. के. द्विवेदी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को अवगत करा दिया गया। उधर, सदर कोतवाली और सिंदुरिया थाने की पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है; तहरीर मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे घटनाक्रम से जिला अस्पताल परिसर में हड़कंप मचा हुआ है। लोग नवजात को बचाने वालों की सराहना कर रहे हैं, वहीं मां के कृत्य को लेकर भारी नाराजगी भी व्यक्त कर रहे हैं।

