हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज, 16 नवम्बर 2025 । जनपद में पराली जलाने की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने ग्राम प्रधानों की जवाबदेही तय करने के निर्देश जिला पंचायतराज अधिकारी को दिए हैं। निर्देश के क्रम में जिला पंचायतराज अधिकारी श्रेया मिश्रा द्वारा पराली जलाने वाले गांवों में 95(1) जी के तहत नोटिस जारी कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इसी क्रम में 17 नवम्बर 2025 को सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा बुलाई गई है, जिसमें किसानों को पराली न जलाने के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही पराली जलाने से संबंधित कानूनी प्रावधान, दंडात्मक कार्यवाही और पर्यावरणीय नुकसान के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
प्रशासन द्वारा अब तक की गई कार्यवाही:
100 व्यक्तियों को नोटिस जारी
75 लोगों पर निरोधात्मक कार्यवाही
₹3,55,000 का जुर्माना लगाया गया
03 कंबाइन मशीनें सीज
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि पराली जलाने पर पूर्ण रूप से रोक सुनिश्चित की जाए और आवश्यक कार्रवाई में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।

