हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिलाधिकारी ने गुरुवार को तहसील सदर क्षेत्र के अगया , लक्ष्मीपुर देउरवा सहित कई ग्राम पंचायतों में पुलिस टीम के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बिना एसएमएस के संचालित एक कंबाइन हार्वेस्टर को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने किसानों से संवाद कर पराली जलाने के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पराली आग से न सिर्फ मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है, बल्कि वायु प्रदूषण भी गंभीर स्तर तक बढ़ जाता है।
अधिकारियों ने किसानों को चेतावनी देते हुए बताया कि पराली जलाने पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि कंबाइन मशीन के साथ एसएमएस का उपयोग अनिवार्य रूप से करें और फसल अवशेषों का सुरक्षित एवं उपयोगी प्रबंधन अपनाएं।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा और अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि पराली जलाना किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

