सड़क किनारे डंप बालू बना हादसे की वजह, बाइक सवार दो युवक गंभीर घायल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोरखपुर–महराजगंज मार्ग पर छितौरीराम पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे डंप किए गए बालू के कारण बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे उस पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महाराजगंज की ओर से आ रही बाइक जैसे ही बालू के ढेर के पास पहुंची, अचानक संतुलन बिगड़ गया और वाहन फिसलकर गिर पड़ा। हादसे में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एम्बुलेंस बुलवाई और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।


घायलों की पहचान सुशीलधर दुबे (22 वर्ष) पुत्र राजेश्वर दुबे एवं किशन यादव (15 वर्ष) पुत्र राजेश यादव, निवासी मोहम्मदपुर, थाना श्यामदेउरवा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे निर्माण सामग्री डंप किए जाने पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *