एसपी शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर कार्रवाई, एक अभियुक्त को छह माह तक हर महीने थाने में हाजिरी देने का आदेश
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस ने चार कुख्यात एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम, 1970 के तहत प्रभावी कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जुलाई-2026 के दौरान चलाए गए विशेष अभियान में तीन अभियुक्तों को जिला बदर किया गया, जबकि एक अभियुक्त को छह माह तक प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को संबंधित थाने में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने का आदेश दिया गया।
पुलिस के अनुसार, समाज में भय एवं आतंक का माहौल बनाकर अवैध लाभ अर्जित करने वाले चार अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 3/4 उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। सक्षम प्राधिकारी के आदेश के अनुपालन में कोतवाली थाना क्षेत्र के पिपरा बाबू अंसारी टोला निवासी अजमल अंसारी, घुघली थाना क्षेत्र के रामपुर बलडीहा निवासी गुड्डू यादव उर्फ अनिल यादव तथा पनियरा थाना क्षेत्र के मुजूरी निवासी विद्यासागर को जनपद महराजगंज की सीमा से जिला बदर कर दिया गया।
वहीं, ठूठीबारी थाना क्षेत्र के बेलवा निवासी श्रवण हरिजन को छह माह तक प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को थाना ठूठीबारी में स्वयं उपस्थित होकर हाजिरी देने का आदेश दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, इन सभी अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व से विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उनके आपराधिक आचरण तथा जनसुरक्षा पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की वैधानिक कार्रवाई का उद्देश्य असामाजिक एवं पेशेवर अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि जनपद में संगठित अपराध, आदतन अपराधियों तथा समाज में भय का वातावरण उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत कठोर कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध समयबद्ध एवं सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे जिले में कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा और अधिक सुदृढ़ हो सके।

