घुघली टैक्सी स्टैंड बना ‘ऑन रोड परेशानी’ का अड्डा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

मुख्यमंत्री के निर्देशों की उड़ रही धज्जियां, यात्रियों को नहीं मिल रही शौचालय – रैन बसेरा की सुविधा

हर्षोदय टाइम्स / बिमलेश कुमार पाण्डेय

महराजगंज। घुघली नगर पंचायत क्षेत्र में बना टैक्सी स्टैंड अब यात्रियों के लिए सहूलियत की जगह सिरदर्द बन गया है। हैरानी की बात यह है कि यह टैक्सी स्टैंड मुख्य सड़क पर ही संचालित हो रहा है, जिससे रोजाना जाम की समस्या और हादसों का खतरा बढ़ता जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मुख्य मार्गों पर किसी भी तरह की वसूली या टैक्सी स्टैंड का संचालन नहीं होना चाहिए, लेकिन घुघली में इन आदेशों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। प्रशासनिक उदासीनता के कारण स्थानीय लोग और यात्री दोनों ही परेशान हैं।

यात्रियों के लिए नहीं कोई मूलभूत सुविधा टैक्सी स्टैंड से लेकर सुभाष चौक तक न तो यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है, न ही शेड, विश्राम स्थल या शौचालय। महिलाओं और बुजुर्ग यात्रियों को भारी असुविधा होती है। रैन बसेरा और सार्वजनिक शौचालय टैक्सी स्टैंड से लगभग 200 से 300 कदम दूर बताए जाते हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि ये सुविधाएं नाम मात्र की हैं न साफ-सफाई, न पहुंच की सुविधा।

स्थानीयों का आरोप जिम्मेदारों की लापरवाही स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत के बड़े बाबू और लिपिक वर्ग की लापरवाही से यह स्थिति बनी हुई है। उनका आरोप है कि टैक्सी स्टैंड की वसूली और व्यवस्था में अव्यवस्था फैलाने में इन्हीं की भूमिका है।

सुधार केवल फोटो सेशन तक सीमित


चुनावी मौसम में कुछ जनप्रतिनिधि टैक्सी स्टैंड और रैन बसेरा के सुधार के नाम पर मौके पर पहुंचकर फोटो खिंचवाते हैं, लेकिन सुधार का कार्य कभी धरातल पर नहीं उतरता।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन मुख्यमंत्री के आदेशों का पालन करवाएगा या फिर घुघली के लोग यूं ही “ऑन रोड परेशानी” झेलते रहेंगे?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *