पूर्व सभापति ने जनसंपर्क कर किसानों का जाना हाल, कहा — अन्नदाताओं की मेहनत पर पड़ी चक्रवात की मार
हर्षोदय टाइम्स / विवेक कुमार पांडेय
भिटौली (महराजगंज)।विधान परिषद के पूर्व सभापति गणेश शंकर पांडेय ने शनिवार को मोंथा चक्रवात और बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों से मुलाकात की। उन्होंने हरपुर महंथ, पकड़ी विशुनपुर, बरवा चमैनिया, गनेशपुर और तुलसीपुर गांवों में जनसंपर्क कर किसानों की परेशानियों को करीब से जाना।
उन्होंने कहा कि चक्रवात और लगातार हो रही वर्षा के कारण किसानों की धान की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं। खेतों में पानी भर गया है, जिससे अन्नदाताओं को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित क्षतिपूर्ति दी जाए, ताकि वे अगली फसल की तैयारी कर सकें।
गणेश शंकर पांडेय ने कहा कि यह केवल फसल का नुकसान नहीं, बल्कि किसानों की सालभर की मेहनत का विनाश है। सरकार को चाहिए कि वह किसानों की पीड़ा समझे और राहत कार्यों में तेजी लाए।
इस मौके पर राजेंद्र दुबे उर्फ टापर बाबा, गुड्डू पांडेय, जितेंद्र मिश्र, डॉ. सोहराब खान, रमेश कनौजिया, इश्तियाक अहमद, अरुण मिश्रा, हाफिज मनउवर, अनूप, सदरे आलम, मकसूद आलम, गुफरान हाफिजी, सनाउल्लाह, गंभीर, वकील समेत कई लोग उपस्थित रहे।

