छपिया प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील की बड़ी लापरवाही, कक्षाओं में बच्चे भूखे बैठने को मजबूर

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


प्रधान पर समय से सामग्री न देने का आरोप, BSA ने जांच के दिए निर्देश

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

परतावल /महराजगंज जनपद के परतावल विकासखंड के छपिया प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को मध्यान्ह भोजन योजना की भारी लापरवाही सामने आई। दोपहर बीत गई, लेकिन बच्चों की थालियां खाली रहीं। निर्धारित समय पर भोजन न मिलने से छोटे-छोटे छात्र भूखे पेट कक्षाओं में बैठे रहे।

आम तौर पर विद्यालय में दोपहर 12 से 12:30 बजे के बीच भोजन परोसा जाता है, लेकिन बुधवार को एक बजे तक रसोईघर में चूल्हा तक नहीं जला था। बच्चे इंतजार करते रहे और रसोइयां हाथ पर हाथ धरे बैठी रहीं।

रसोइया मीरा देवी और लीलावती देवी ने बताया कि उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान से भोजन सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की थी, परंतु प्रधान ने कोई व्यवस्था नहीं की। नतीजतन उस दिन न तो तहरी बनी और न ही दूध बांटा जा सका।

विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका पूर्णिमा सिंह ने भी स्थिति की पुष्टि करते हुए कहा कि ग्राम प्रधान द्वारा समय से सामग्री न देने की समस्या लगातार बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद सुधार नहीं हुआ।

यह घटना सरकारी मिड-डे मील योजना के क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल खड़े करती है, जो बच्चों के पोषण और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए चलाई जा रही है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ऋद्धि पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच के लिए टीम भेजी जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। प्रधान प्रतिनिधि से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *