हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल /महराजगंज। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर नगर पंचायत परतावल पूरी तरह भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंग गया। नगर पंचायत की चेयरमैन प्रियंका गुप्ता ने अपने गृह वार्ड संख्या 05, रानी लक्ष्मीबाई नगर धनगड़ा स्थित छठ घाट पर परिवारजनों संग सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर नगरवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
इस दौरान उन्होंने नगर के विभिन्न वार्डों में बनाए गए छठ घाटों का भ्रमण किया और व्रती महिलाओं से मिलकर शुभकामनाएं व आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने नगर पंचायत की ओर से सभी व्रतियों को पर्व की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, स्वच्छता और लोकआस्था का अद्भुत प्रतीक है, जो समाज में एकता और सद्भाव का संदेश देता है।
पूरे नगर में छठ घाटों पर पूजा-अर्चना का पावन माहौल देखने को मिला, वहीं नगर पंचायत की ओर से साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था के भी विशेष इंतजाम किए गए थे।

