रंग-बिरंगी रंगोलियों और नन्हें बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। नगर क्षेत्र स्थित एम.आई. पब्लिक स्कूल में दीपावली पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से दीपों और रंग-बिरंगी रंगोलियों से सजाया गया। इस अवसर पर आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, सर्व शिक्षा अभियान, विकसित भारत 2047 जैसे सामाजिक विषयों पर मनमोहक रंगोलियां बनाईं।
छात्रों ने फूलों एवं प्राकृतिक रंगों का उपयोग कर अपनी सृजनशीलता का प्रदर्शन किया। ‘वीर गाथा थीम रंगोली’ विशेष आकर्षण का केंद्र रही। नन्हें विद्यार्थियों ने “वृक्ष हमारे मित्र”, “जल है तो कल है” जैसे विषयों पर निबंध और भाषण प्रस्तुत कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
बच्चों ने समाज को शिक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कविताएं और गीत प्रस्तुत किए। इस दौरान हस्तनिर्मित मिट्टी के दीपों का प्रयोग कर पारंपरिक संस्कृति का सुंदर संदेश दिया गया।
विद्यालय के प्रबंधक जैनुल्लाह खान ने सभी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं और मिष्ठान वितरण किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक रघुवीर प्रजापति ने की। कार्यक्रम में हाजी आलमगीर, उमेश चन्द्र त्रिपाठी, वाहिद अली, सद्दाम खान, सत्येन्द्र सिंह सहित विद्यालय के सभी शिक्षकगण , अनवारुल खान, अशरफ खान, आर.के. सिन्हा, इसरार अहमद, इन्द्रजीत, सन्नी, तरन्नुम, सरीता, मनिता, जोहरी, नुजहत, मारीया, अंजु एवं कलामुद्दीन उपस्थित रहे।
दीपों की लौ और बच्चों की मुस्कान से पूरा विद्यालय परिसर आलोकित हो उठा।

