हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
परतावल/महराजगंज। पंचायत इंटरमीडिएट कॉलेज परतावल बाजार में शनिवार को छात्र-छात्राओं द्वारा दीपोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को दीपों की पंक्तियों और रंग-बिरंगी रंगोलियों से सजाया गया।
छात्रों ने मिशन शक्ति 5, वीर गाथा, स्वच्छ भारत, विकसित भारत 2047, पर्यावरण संरक्षण, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ तथा अपना परतावल—स्वच्छ परतावल जैसे विषयों पर आकर्षक रंगोली बनाकर समाजिक संदेश दिया। इनमें मिशन शक्ति थीम की रंगोली मुख्य आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम में फूलों व प्राकृतिक रंगों का उपयोग कर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। वीर गाथा थीम के अंतर्गत छात्रों ने देश के महान सपूतों के चित्र बनाकर देशभक्ति की भावना व्यक्त की।
विद्यालय के प्राथमिक अनुभाग के नन्हें बच्चों ने प्राकृतिक फूलों और पत्तियों से रंगोली सजाई और प्रकृति से दीपावली के जुड़ाव को दर्शाया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डा. दीनबन्धु शुक्ल ने कहा कि भारत उत्सव प्रधान देश है, जहां विभिन्न त्यौहार जीवन में ऊर्जा और प्रकाश का संचार करते हैं। इस दौरान बच्चों को दीपावली पर्व के ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व की जानकारी दी गई। छात्रों ने हस्तनिर्मित मिट्टी के दीप जलाकर पूरे विद्यालय परिसर को रोशनी से जगमगा दिया।
विद्यालय के संरक्षक धीरेंद्र कृष्ण त्रिपाठी ने सभी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और मिष्ठान वितरण कर सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक डा. अंशुमान त्रिपाठी, दीपंकर पाण्डेय, नवी आलम अंसारी, परमेंद्र वर्मा, धर्मेंद्र त्रिपाठी, सौरभ पाठक, सारिका पाण्डेय, नूतन मिश्रा, रीता यादव, अरविंद कुमार, रामप्रीत यादव, रामनारायण, विनोद कुमार राव, धर्मेंद्र सिंह, करण कुमार, सिराजुद्दीन, दिग्विजय यादव, अजय पासवान, आलोक उपाध्याय, रवि प्रकाश द्विवेदी सहित सभी शिक्षक उपस्थित रहे।