नियमों की अनदेखी पर मेडिकल स्टोर संचालकों पर होगी कार्रवाई
महराजगंज। अब जिले में बिना डॉक्टर की पर्ची के किसी भी मेडिकल स्टोर से कफ सिरप नहीं खरीदा जा सकेगा। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि नियमों की अवहेलना करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह निर्णय हाल ही में हुई कुछ घटनाओं और बच्चों में कफ सिरप से हुई मौतों के मामलों के मद्देनज़र लिया गया है। विभाग ने सभी औषधि निरीक्षकों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच करें और बिना पर्चे के दवाएं बेचने वालों के विरुद्ध रिपोर्ट तैयार कर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
औषधि निरीक्षक अंजलि शुक्ला ने बताया कि डॉक्टर की पर्ची के बिना अब किसी भी मेडिकल स्टोर पर कफ सिरप या ऐसी अन्य दवाएं नहीं बेची जाएंगी। इससे अवैध बिक्री और बच्चों में हो रही दवाओं के दुरुपयोग पर रोक लगेगी।

