खण्ड शिक्षा अधिकारी चंद्र भूषण पाण्डेय ने कराया कार्यभार ग्रहण
- मिशन शक्ति के तहत मानसी मोदनवाल को बनाया गया घुघली ब्लाक का एक दिन की बीईओ, मिला दायित्व
हर्षोदय टाइम्स /बिमलेश कुमार पाण्डेय
महराजगंज। मिशन शक्ति के पांचवें चरण के तहत घुघली ब्लॉक में छात्राओं को सशक्त बनाने की दिशा में अनोखी पहल की गई। कंपोजिट विद्यालय घुघली प्रथम की छात्रा मानसी मोदनवाल को सोमवार को एक दिन के लिए खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) का दायित्व सौंपा गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुश्री रिद्धि पाण्डेय की पहल पर यह जिम्मेदारी दी गई, ताकि छात्राओं को प्रशासनिक कार्यों से परिचित कराया जा सके और उनमें नेतृत्व की भावना विकसित हो।
कार्यभार संभालने के बाद मानसी ने सबसे पहले शिक्षकों की बैठक बुलाई और शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय बिरैचा का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बच्चों से पढ़ाई व मध्याह्न भोजन की जानकारी ली तथा प्रधानाध्यापक यशवीर कृष्ण त्रिपाठी से शिक्षा व्यवस्था पर फीडबैक लिया।
मानसी ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने की सलाह दी। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रभूषण पाण्डेय ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के साथ अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ाना और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
एआरपी बालमुकुंद ने बताया कि शासन की इस योजना के जरिए महिलाओं व छात्राओं के सशक्तिकरण, सामाजिक सम्मान, स्कूल ड्रॉपआउट दर में कमी, बाल विवाह और लैंगिक शोषण जैसे मुद्दों पर जनजागरूकता फैलाने का लक्ष्य रखा गया है।
इस दौरान बीआरसी घुघली पर कार्यरत ईनामुल्लाह, अनूप गुप्ता, विशाल सिंह, प्रमोद पाण्डेय, कंप्यूटर सहायक सहित सभी एआरपी और कर्मचारी मौजूद रहे।

