मुख्य मार्ग पर खड़ी थी लावारिस बाइक, फॉरेंसिक जांच में हुआ खुलासा , खड्डा निवासी सोमनाथ मोदनवाल ने की आत्महत्या
हर्षोदय टाइम्स/विमलेश कुमार पाण्डेय
महराजगंज। जिले के घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम पटखौली में मंगलवार की रात उस समय सनसनी फैल गई जब मुख्य मार्ग पर एक लावारिस मोटरसाइकिल खड़ी मिली और करीब 100 मीटर अंदर बागीचे में एक युवक की जली हुई लाश बरामद हुई। सूचना पर पहुंची घुघली पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संकलन शुरू किया।
लावारिस मोटरसाइकिल (UP57 P 8571) के पास से दो मोबाइल फोन भी मिले, जिन पर लगातार कॉल आ रही थी। इन्हीं कॉल्स के जरिए मृतक की पहचान सोमनाथ मोदनवाल (23 वर्ष) पुत्र घनश्याम मोदनवाल, निवासी खड्डा बाजार, थाना खड्डा, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी सदर ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, हालांकि पुलिस हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं कर रही थी।
बुधवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि सोमनाथ मोदनवाल ने आत्महत्या की थी। इस रहस्यमयी घटना से पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

