हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज/उत्तर प्रदेश- 4 दिसंबर 2024, बुधवार को जनपद महाराजगंज में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत पी०जी० कॉलेज ग्राउण्ड महराजगंज एवं खेल स्टेडियम फरेन्दा, महराजगंज में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ, जिसमें कुल 431 पात्र जोड़ो का सामूहिक विवाह कराया गया।

इन 431 जोड़ो में अल्पसंख्यक वर्ग के 14 जोड़े, अन्य पिछड़ा वर्ग के 223 जोड़े, सामान्य वर्ग के 10 जोड़े एवं अनुसूचित जाति के 184 जोड़े उपस्थित हुए।
इस योजना के अंतर्गत गृहस्थी की स्थापना के लिए दुल्हन के बैंक खाते में 35,000 रुपए की धनराशि जमा की जाती है तथा 10,000 रुपए से दंपत्ति को विवाह के लिए आवश्यक सामग्री जैसे वस्त्र, आभूषण, बर्तन आदि उपलब्ध कराए जाते हैं। इसके अतिरिक्त इसमें से प्रति विवाह 6000 रुपये व्यय के लिए प्रावधानित है।

इस अवसर पर खेल स्टेडियम फरेन्दा, महराजगंज में विधायक फरेन्दा, खण्ड विकास अधिकारी लक्ष्मीपुर, नौतनवा एवं पी०जी० कॉलेज ग्राउण्ड, महराजगंज में आयोजित कार्यक्रम में विधायक सदर, विधायक पनियरा व ब्लाक प्रमुख परतावल, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि सदर, परियोजना निदेशक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी सदर, पनियरा, मिठौरा एवं निचलौल के साथ जनपद के अन्य विभागीय अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

