हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज, 08 अक्टूबर। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने आगामी यूपी ट्रेड शो 2025 स्वदेशी मेला की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेला परिसर में साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल और शौचालय जैसी सभी मूलभूत सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला स्थल पर आने वाले आगंतुकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि स्वदेशी मेला भारतीय संस्कृति, परंपरा और स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन का प्रतीक है, इसलिए स्थानीय कारीगरों, स्व-सहायता समूहों और उद्यमियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर जोर देते हुए पुलिस व नगर निकाय अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, जिला उद्योग अधिकारी, नगर पालिका अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
डीएम ने कहा कि यह मेला जनभागीदारी और स्वदेशी उत्पादों के प्रोत्साहन का उत्सव बने, इसके लिए सभी विभाग समन्वित प्रयास करें।

