दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, हाई टेंशन करंट से छह झुलसे, एक गोरखपुर रेफर

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। चौक थाना क्षेत्र के झुंगवा चौराहे पर गुरुवार को दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगी सजावटी पाइप ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन से टकरा गई। इससे पूरी ट्रॉली करंट की चपेट में आ गई और उस पर सवार छह लोग झुलस गए।

ग्रामीणों ने आनन-फानन घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां हालत गंभीर होने पर 65 वर्षीय इन्नर को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

जानकारी के मुताबिक चौक क्षेत्र के ग्रामसभा शेखपुरवा में नवरात्र पर दुर्गा पूजा की मूर्ति स्थापित की गई थी। गुरुवार को ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली से मूर्ति को रोहिन नदी के चानकी घाट विसर्जन के लिए ले जा रहे थे। तभी झुंगवा चौराहे पर यह हादसा हो गया।

करंट की चपेट में आकर शेखपुरवा निवासी अंशिका (12) पुत्री संतोष, महिमा (14) पुत्री संतबली, दिव्या (10) पुत्री संतोष, रवीना (17) पुत्री मुराली, इन्नर (65) और झुंगवा निवासी अखिलेश गुप्ता (30) गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों की सूझबूझ से सभी को बचाया गया।

डॉक्टरों के अनुसार बाकी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है, जबकि इन्नर की हालत नाजुक बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *