विज़न एकेडमी में दशहरा-नवरात्रि का भव्य संगम, झांकी व सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मन को मोहा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने माँ दुर्गा की महिमा का किया अद्भुत चित्रण, भक्ति और संस्कृति से ओतप्रोत रहा पूरा परिसर

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज। विज़न एकेडमी में दशहरा एवं नवरात्रि का पर्व अत्यंत भव्यता, श्रद्धा और सांस्कृतिक विविधता के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में हुए इस आयोजन ने माँ दुर्गा की शक्ति और दिव्यता के अनुपम दर्शन कराए।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ दुर्गा की वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। छात्राओं ने दुर्गा स्तोत्र पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर पूरे सभागार को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद वैदिक अष्टधात्री मंत्रोच्चार से वातावरण गूंज उठा और उपस्थित लोगों ने इसे माँ का आशीर्वाद अनुभव किया।

आयोजन का मुख्य आकर्षण नवदुर्गा की भव्य झांकी रही, जिसमें माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों का सजीव चित्रण किया गया। अद्भुत परिधान, अभिनय और मंच सज्जा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की कई दिनों की मेहनत का परिणाम था कि नृत्य, नाटक, भजन, मंत्रोच्चार और झांकी का संगम कार्यक्रम को यादगार बना गया। विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की शोभा और बढ़ा दी।

समापन सामूहिक मंगलकामनाओं के साथ हुआ। विज़न एकेडमी परिवार ने संदेश दिया कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि संस्कृति और जीवन मूल्यों का भी गहन माध्यम है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *