चौरीचौरा में पुलिस टीम पर पथराव, दरोगा का सिर फटा

उत्तर प्रदेश गोरखपुर

छेड़खानी शिकायत की जांच करने गई पुलिस टीम पर हमला, छह आरोपी हिरासत में

गोरखपुर। चौरीचौरा क्षेत्र के सरैया ब्लॉक रोड पर रविवार शाम छेड़खानी की शिकायत की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर मनबढ़ युवकों ने पथराव कर दिया। हमले में हलका दरोगा शिवकुमार यादव का सिर फट गया जबकि एसआई प्रमोद यादव घायल हो गए। पथराव के दौरान पुलिस की गाड़ी और राहगीर ब्लॉक कर्मी उर्मिला यादव की स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई।

सूचना पर सीओ अनुराग सिंह और प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने छह आरोपियों को हिरासत में लिया है और इलाके में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, सरैया ब्लॉक रोड निवासी एक युवती ने मोहल्ले के कुछ युवकों पर छेड़खानी का आरोप लगाया था। शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को पकड़कर थाने भेजा तो विपक्षी पक्ष ने युवती के घर पर पथराव कर दिया। दोबारा मौके पर पहुंचे दरोगाओं पर भी हमला हुआ जिसमें दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए।

सीओ अनुराग सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर जांच की जा रही थी। हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *