हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल (महराजगंज)। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बैजली में शनिवार देर रात घरेलू विवाद खूनखराबे में बदल गया। नशे की हालत में युवक ने पहले पत्नी से कहासुनी की और फिर गुस्से में आकर कांटेदार चम्मच से पत्नी, भाई और भतीजी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आनन-फानन में परिजनों ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार पत्नी के सिर पर गहरी चोट आई है, जबकि भाई सलमान और उसकी बेटी मरियम के पेट व हाथ में गंभीर घाव हैं। फिलहाल तीनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक बैजली निवासी एहसानुल्लाह का देर रात अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर उसका भाई सलमान और भतीजी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने की कोशिश करने लगे। तभी आरोपी ने दोनों पर भी चम्मच से वार कर दिया।

घटना की सूचना पाकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा थाना प्रभारी अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और आरोपी एहसानुल्लाह को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि घटना घरेलू विवाद से जुड़ी है। तहरीर मिलने पर आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

