हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज, 23 सितम्बर। सदर तहसील के ग्राम अगया, थाना भिटौली क्षेत्र में 19 सितम्बर की सुबह महराजगंज-गोरखपुर मार्ग पर बड़ा सड़क हादसा हुआ। अगया पुल के निकट तीन रोडवेज बसें आपस में भिड़ गईं। हादसा सुबह लगभग 8:30 बजे हुआ, जिसमें कुल 29 यात्री घायल हो गए। घायल यात्रियों का स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया, वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को उच्च चिकित्सा केंद्रों पर भेजा गया।
हादसे में शामिल बसों की पहचान रोडवेज की गाड़ी संख्या UP 56 BT 2412, UP 78 HN 3840 और UP 53 IFT 6360 के रूप में हुई है। तीनों बसों की आमने-सामने हुई भिड़ंत से सड़क पर अफरातफरी का माहौल बन गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस-प्रशासन को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू कराया।
अपर उप जिलाधिकारी सदर प्रेम शंकर पांडेय ने बताया कि घटना की विस्तृत मजिस्ट्रियल जांच उनके द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन व्यक्तियों के पास इस घटना से संबंधित कोई साक्ष्य, फोटो, वीडियो अथवा प्रत्यक्ष जानकारी मौजूद हो, वे 26 सितम्बर 2025 को प्रातः 10 बजे उनके कार्यालय में उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज करा सकते हैं।
हादसे के बाद सड़क पर लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रही, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद नियंत्रित किया। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

