किशोरी से छेड़खानी व धमकी के आरोप में युवक गिरफ्तार, भेजा गया जेल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी से छेड़खानी, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


पुलिस के अनुसार पीड़िता की मां की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में गांव निवासी मेराज अली को नामजद किया गया है। आरोप है कि युवक पिछले कई महीनों से किशोरी को आते-जाते समय परेशान करता था और उससे संपर्क बनाने का प्रयास करता रहता था। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी किशोरी को मोबाइल फोन देकर उससे बातचीत करने की कोशिश करता था।


पीड़ित परिवार का आरोप है कि युवक की हरकतों को लेकर कई बार समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। विरोध करने पर वह कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अभद्र भाषा बोलता था तथा परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता था।


तहरीर में यह भी कहा गया है कि 18 जून को परिवार के लोग एक विवाह समारोह में गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी ने किशोरी के संबंध में भ्रामक बातें फैलाकर परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।


मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शुक्रवार देर रात आरोपी के विरुद्ध छेड़खानी, आत्महत्या के लिए विवश करने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *