हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज, 23 अगस्त। इफको द्वारा शनिवार को जनपद महराजगंज में बिक्री केंद्र प्रभारी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह एक दिवसीय प्रशिक्षण काका मैरिज हॉल, फरेंदा रोड पर संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न बिक्री केंद्र प्रभारी, आईएफएफडीसी, एग्री जंक्शन केंद्रों समेत लगभग 60 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि विज्ञान केंद्र वसुली के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. त्रिवेणी तिवारी रहे। उन्होंने किसानों को मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए रासायनिक उर्वरकों का कम प्रयोग करने की सलाह दी तथा नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के प्रयोग पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने जैविक खेती को बढ़ावा देने की अपील की।
वरिष्ठ क्षेत्र प्रबंधक, इफको गोरखपुर डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बिक्री केंद्र प्रभारियों को इफको की गतिविधियों और उर्वरक की उपलब्धता पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नैनो उर्वरक के प्रयोग से न केवल मृदा एवं पर्यावरण सुरक्षित रहता है, बल्कि खेती की लागत घटती है और उत्पादन में भी वृद्धि होती है। इसके उपयोग से देश की विदेशों पर निर्भरता कम होगी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन इफको महाराजगंज के क्षेत्र प्रबंधक श्री विनोद कुमार मौर्य ने किया। उन्होंने नैनो डीएपी, नैनो यूरिया, नैनो जिंक, नैनो कॉपर सहित इफको के विभिन्न उत्पादों की जानकारी दी। इस अवसर पर श्री रणंजय सिंह (आईएफएफडीसी कृषक सेवा केंद्र, सिंदुरिया) एवं श्री रामानंद सिंह (क्रय-विक्रय केंद्र, बन्नी ढाला) ने अपने अनुभव साझा किए।

