हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज, 23 अगस्त। जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में डीएम ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कई अहम निर्देश दिए।
डीएम ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को मुख्य सड़कों के किनारे संकेतक बोर्ड (साइनेज) लगाने और प्रमुख प्रतिष्ठानों व कार्यालयों को दर्शाने वाले बोर्ड स्थापित कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर तात्कालिक और दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार कर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन स्थानों पर तीन या उससे अधिक लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं में हुई है, वहां पुलिस, एआरटीओ और संबंधित विभाग की संयुक्त टीम जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करे। साथ ही सड़क किनारे खंभों व पेड़ों पर रिफ्लेक्टर लगाने, निर्माणाधीन मार्गों पर मानक बैरिकेडिंग सुनिश्चित कराने और झाड़ियों की कटाई कराने के भी निर्देश दिए।
डीएम ने निजी अस्पतालों में सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए बेड बढ़ाने का आदेश दिया। स्कूलों में सड़क सुरक्षा क्लब की नियमित बैठक कराने और युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया। उन्होंने एआरटीओ को गाड़ियों की फिटनेस जांच सख्ती से करने और मानक पर खरा न उतरने वाले वाहनों को सीज करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि सड़क हादसों में सबसे अधिक प्रभावित युवा वर्ग होता है, जिससे पूरे परिवार पर गंभीर असर पड़ता है। इसलिए सड़कें सुरक्षित बनाने के साथ-साथ लोगों को यातायात नियमों का पालन कराने व व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाना बेहद जरूरी है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी आर.के. मिश्रा समेत सड़क सुरक्षा से जुड़े विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

