लोक रक्षक सेनानी /संघ से जुड़े परिवार की बहू को टीकाकरण से किया इनकार, सीएमओ ने लिया संज्ञान
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/ महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत परतावल वार्ड संख्या 15 में तैनात एक एएनएम द्वारा गर्भवती महिला के साथ दुर्व्यवहार और टीकाकरण से इनकार करने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता अन्नपूर्णा मिश्रा ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. अनिल जायसवाल को शिकायती पत्र सौंपते हुए एएनएम नीलम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता अन्नपूर्णा मिश्रा का आरोप है कि 9 जुलाई को वह अपनी बहू खुशी मिश्रा को टीका लगवाने के लिए एएनएम से कही थीं। खुशी मिश्रा लोक रक्षक सेनानी की बहू हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के खंड संचालक के परिवार से संबंध रखती हैं। आरोप है कि एएनएम नीलम ने टीका लगाने से इनकार कर दिया और अपशब्दों का प्रयोग करते हुए कहा कि “अपनी बहू की डिलिवरी भी घर पर ही करा लेना।” इस घटना से परिवार काफी आहत में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब संघ से जुड़े, सेवा कार्यों में सक्रिय परिवार की बहू के साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है, तो आम लोगों को कैसे स्वास्थ्य सेवाएं मिलती होंगी, यह सोचने वाली बात है।
इस मामले में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीकांत शुक्ल ने बताया कि, “एएनएम नीलम के खिलाफ शिकायत मिली है। इस पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है तथा इनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।”

