थाना समाधान दिवस में डीएम और एसपी ने सुनीं समस्याएँ, चार मामलों पर हुई कार्यवाही

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज, 23 अगस्त 2025। थाना सिंदुरिया में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना की मौजूदगी में किया गया। इस दौरान फरियादियों की समस्याएँ सुनी गईं और मौके पर निस्तारण की दिशा में पहल की गई।

थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि समाधान दिवस में कुल चार मामले आए। इनमें से एक प्रकरण का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि एक मामले में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर ग्राम हरिहरपुर भेजा गया ताकि स्थलीय निरीक्षण के बाद गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो सके। शेष मामलों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि तय समयसीमा में नियमानुसार समाधान किया जाए।

जिलाधिकारी ने पिछले समाधान दिवस में आए प्रकरणों की स्थिति की भी पड़ताल की। उन्होंने रामपुर मीर निवासी रामप्रीति और बरवा खुनिया निवासी रामलाल से फोन पर संपर्क कर जानकारी ली। दोनों ही शिकायतकर्ताओं ने निस्तारण पर संतोष व्यक्त किया। डीएम ने पुलिस अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि असंतुष्ट पक्ष की उचित काउंसलिंग की जाए, ताकि भविष्य में विवाद न बढ़े।

थाना समाधान दिवस में नायब तहसीलदार देश दीपक तिवारी, थानाध्यक्ष सिंदुरिया समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *