किसानों की मेहनत पर फिरा पानी
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज जिले में लगातार हो रही बारिश किसानों के लिए आफत बन गई है। नेपाल व आसपास के इलाकों में हो रही भारी वर्षा से शुक्रवार सुबह महाव नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। दबाव बढ़ते ही देवघट्टी गांव के सामने नाले का पूर्वी तटबंध करीब 10 मीटर टूट गया। नाले का पानी खेतों में घुस आया और करीब सैकड़ो बीघा जमीन में बोई गई धान की फसल जलमग्न हो गई।
देवघट्टी, हरखपुरा, हरपुर, अमहवा और नरायनपुर समेत कई गांवों के किसान सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। स्थानीय किसानों का आरोप है कि महाव नाले की सफाई और तटबंध की मरम्मत हर साल सिर्फ कागजों पर होती है, इसलिए बरसात आते ही तटबंध टूट जाता है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद हालात नहीं बदल रहे।
किसानों का कहना है कि महंगाई के दौर में बड़ी मुश्किल से रोपाई की थी, लेकिन जलभराव ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तटबंध की मरम्मत तत्काल कराई जाए, प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाए और मरम्मत व सफाई कार्यों की जांच कराई जाए।

इधर मौके पर पहुंचे एसडीएम व नायब तहसीलदार ने तटबंध की मरम्मत का काम शुरू कराया है।

