हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर परतावल नगर देशभक्ति के रंग में रंग उठा, जब मंगलवार को नगर पंचायत की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया और ईओ कनुप्रिया शाही के नेतृत्व में निकली यह यात्रा नगर में एकता और देशभक्ति का संदेश बिखेरती रही।
यात्रा नगर पंचायत कार्यालय से शुरू होकर परतावल चौराहे समेत नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी और पुनः नगर पंचायत कार्यालय पर समाप्त हुई। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने हाथों में तिरंगा थामकर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “जय हिंद”, “विजयी विश्व तिरंगा प्यारा” और “झंडा ऊंचा रहे हमारा” जैसे गगनभेदी नारों से माहौल को देशभक्ति के जोश से भर दिया। देशभक्ति गीतों की गूंज ने नगरवासियों को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा की कमान परतावल चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह ने अपनी पुलिस टीम के साथ संभाली। तिरंगा यात्रा में भाजपा नेता प्रवीण कृष्ण त्रिपाठी, निर्भय सिंह, काशीनाथ सिंह, अशोक यादव, ईश्वर यादव, श्याम पाण्डेय, विवेक पटेल, बलराम उपाध्याय, आनंद मिश्रा समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और नगरवासी शामिल हुए।


