हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज, 28 मार्च 2026। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने थाना फरेन्दा में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्राप्त शिकायतों व प्रार्थना पत्रों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ परीक्षण करते हुए संबंधित राजस्व व पुलिस अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनशिकायतों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण गुण-दोष के आधार पर समयबद्ध ढंग से किया जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कर आमजन को राहत प्रदान करें।
जनसुनवाई के उपरांत डीएम व एसपी ने थाना परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आगन्तुक पंजीकरण, अपराध रजिस्टर, मालखाना, शस्त्र रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क, रोजनामचा एवं सीसीटीएनएस पोर्टल से संबंधित अभिलेखों की गहन जांच की। अभिलेखों के अद्यतन, शुद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के साथ ही जनता से जुड़े कार्यों में तत्परता बरतने के निर्देश थाना प्रभारी को दिए गए।
इस अवसर पर अधिकारियों ने मौजूद लोगों से संवाद कर बताया कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य पुलिस व जनता के बीच विश्वास, सहयोग एवं पारदर्शिता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों का निस्तारण न्यायसंगत एवं प्रभावी तरीके से किया जाए, ताकि प्रत्येक शिकायतकर्ता को समय पर न्याय मिल सके।


