एनएच-27 पर भीषण सड़क हादसा: कंटेनर ट्राले में घुसी कार, तीन की मौत, चार गंभीर घायल

उत्तर प्रदेश कुशीनगर

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो कुशीनगर


कुशीनगर।थाना कोतवाली हाटा क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग–27 पर रविवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक सफेद रंग की सुजुकी एसएल6 कार (संख्या UP57 CB 4945) गोरखपुर की ओर जा रहे कंटेनर ट्राले (संख्या PB65 BD 8886) के पीछे जा घुसी।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार ट्राले के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंसी हुई थी, जिसमें सवार लोग अंदर फंसे थे। पुलिस द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा भेजा गया।


घायलों में सूरज वर्मा (22), शैलेश वर्मा (18), मुकेश वर्मा (19) एवं विकास वर्मा निवासी अहिरौली तुलादास व हाटा शामिल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहीं, हरिश (23) निवासी अहिरौली तुलादास वार्ड नंबर 4, नितिश (20) निवासी पिपरा कपूर और अमन वर्मा (26) निवासी अहिरौली तुलादास को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।


पुलिस जांच में सामने आया है कि कंटेनर ट्राला गोरखपुर की ओर जा रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्राले को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।


इस संबंध में क्षेत्राधिकारी कसया कुन्दन सिंह ने बताया कि घटना की गहन जांच की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *