यूरिया खाद को लेकर महराजगंज में तनाव जारी, किसान की चप्पल से पिटाई पर दो आरोपी गिरफ्तार

Blog उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज। जिले में यूरिया खाद को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। नौतनवा क्षेत्र में हालिया लाठी-डंडे की मारपीट के बाद अब बृजमनगंज थाना क्षेत्र में किसान की चप्पल से पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, 10 अगस्त को लेहडा बाजार टोला मुरादपुर निवासी किसान ब्रम्हदेव चौरसिया यूरिया खाद की मांग करने चौधरी खाद भंडार, मामी चौराहा पहुंचे थे। यहां दुकान संचालक पंकज चौधरी ने कथित रूप से उनके साथ दुर्व्यवहार किया और चप्पल से पिटाई की। मौके पर मौजूद जैस मोहम्मद ने भी घटना में साथ दिया। वायरल वीडियो के आधार पर थाना बृजमनगंज में मुकदमा संख्या 245/2025 धारा 115 (2), 352, 351(3) बीएनएस और 3/7 ईसी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में पंकज चौधरी पुत्र स्व. उदय सिंह निवासी जगदेवपुर और जैस मोहम्मद पुत्र हुब्बल निवासी जीतपुर फुलमनहा शामिल हैं। पुलिस ने सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस बीच, सरकारी समितियों पर खाद लेने वालों की भीड़ लगातार बढ़ रही है, वहीं पुलिस और SSB की टीम नेपाल में खाद तस्करी रोकने के लिए गश्त और बरामदगी अभियान तेज किए हुए है। गिरफ्तारी में वरिष्ठ उपनिरीक्षक तारकेश्वर वर्मा, उपनिरीक्षक गजेन्द्र प्रताप सिंह और हेड कांस्टेबल आलोक कुमार की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *