तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से फूल बेचकर घर वापस आ रही बुज़ुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

फूल बेचकर लौट रही थीं घर, नाबालिग बाइक सवार ने मारी ज़ोरदार टक्कर, बुज़ुर्ग महिला निजी अस्पताल में भर्ती

कटहरी (निचलौल)/ महराजगंज-  कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बिशुनपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुज़ुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा उस वक्त हुआ जब महिला फूल बेचकर अपने घर लौट रही थीं, तभी एक तेज़ रफ्तार बाइक ने उन्हें ज़ोरदार टक्कर मार दी।

घायल महिला की पहचान ग्राम सभा पकड़ी भारत खंड निवासी चंपा देवी के रूप में हुई है, जो रोज़ाना फूल बेचने का कार्य करती हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विपरीत दिशा से आ रहे एक नाबालिग बाइक सवार ने चंपा देवी को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत कटहरी बाजार स्थित बाबा की ढाबा दुकान के सामने हुई। बाइक सवार निचलौल से सिसवा की तरफ जा रहा था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल प्राथमिक सहायता देते हुए घायल महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नाबालिग वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *