कानपुर में 6 से 8 अगस्त तक होगी प्रतियोगिता
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज: जिले के विकास खण्ड पनियरा अंतर्गत ग्राम सभा उस्का में स्थित हाजी अजहर खान इंटर कॉलेज के पांच होनहार खिलाड़ियों का चयन राज्यस्तरीय ताइक्वांडो स्पर्धा के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 6 से 8 अगस्त तक कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित की जाएगी।
चयनित खिलाड़ियों में राजनंदनी वर्मा, आस्था, रीतिका, मुस्कान और नीतू यादव शामिल हैं। ये खिलाड़ी जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतियोगिता में भाग लेंगी। कुल सात खिलाड़ियों का चयन महराजगंज जिले से हुआ है, जिनमें से पांच इसी विद्यालय से हैं।
प्रतियोगिता के लिए सभी खिलाड़ी मंगलवार को रवाना हो गए। विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय प्रशासन ने आशा व्यक्त की है कि ये छात्राएं अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगी।

