ग्राम प्रधान सचिन सिंह को उत्कृष्ट कार्य के लिए स्वतंत्रता दिवस के दिन दिल्ली में किया जाएगा सम्मानित
महराजगंज (हर्षोदय टाइम्स)- जनपद के विकास खण्ड परतावल अन्तर्गत ग्राम पंचायत सेमरा चंद्रौली में विकास की बड़ी सौगात मिली है। ग्राम पंचायत में कुल 3 करोड़ 41 लाख रुपए की लागत से भव्य बारात घर का निर्माण कराया जाएगा। यह बारात घर ग्राम सभा और नहर लिंक रोड के समीप बनेगा, जिससे स्थानीय लोगों को शादी-विवाह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए बड़ी सुविधा मिलेगी।
इसके साथ ही गांव में अमृत सरोवर योजना के तहत 50 लाख रुपए की लागत से सुंदर व अत्याधुनिक तालाब का निर्माण कराया जाएगा। यह परियोजना जिलाधिकारी द्वारा स्वीकृत की गई है। इसके अलावा ग्राम सभा के समग्र विकास के लिए लगभग 1 करोड़ 20 लाख रुपए और स्वीकृत किए गए हैं, जिससे सड़क, नाली, जल निकासी व उच्च प्राथमिक विद्यालय का सुंदरीकरण करके हाईटेक बनाया जाएगा। अन्य विकास कार्यों को गति मिलेगी।

गौरतलब है कि ग्राम प्रधान सचिन सिंह को उनके बेहतरीन कार्यों और ग्राम विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिल्ली में सम्मानित किए जाने का न्योता मिला है। उनके प्रयासों से ग्राम पंचायत में विकास की गति तेज हुई है। गांव में खुशी का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रधान का आभार जताया है।
ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी योजनाओं की सौगात मिलना ऐतिहासिक है, इससे गांव का नक्शा ही बदल जाएगा। वहीं प्रधान सचिन सिंह ने कहा कि ग्रामसभा के हर नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना उनकी प्राथमिकता है।
इस उपलब्धि पर ग्राम सभा के निवासी महेंद्र प्रताप सिंह, हरिश्वर यादव, राजेंद्र प्रसाद, अयोध्या गोंड, भानु प्रताप सिंह आदि लोगों ने प्रधान को बधाई दी है।
